- एसडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं जूनियर हाई स्कूल बालावाली का किया निरिक्षण
लक्सर : उप जिलाधिकारी लक्सर शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालावाली ब्लॉक खानपुर तथा राजकीय जूनियर हाई स्कूल बालावाली ब्लॉक खानपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति नामांकन के सापेक्ष कम है। इस संबंध में दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापको को निर्देशित किया गया कि तत्काल अभिभावकों से संपर्क कर छात्र उपस्थिति को बढ़ान सुनिश्चित करें। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बालावाली में 324 छात्र छात्राओं के नाम अंकित हैं किंतु दो अध्यापक कार्यरत हैं जो कि छात्र संख्या के अनुपात में अत्यधिक न्यून है। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार एवं जिला अधिकारी हरिद्वार को अध्यापकों की तैनाती हेतु आख्या प्रेषित की जा रही है।

निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है किंतु इस योजना के अन्तर्गत स्टैंड पोस्ट को विद्यालय मैदान के किनारे स्थापित न करते हुए विभाग द्वारा मैदान के बीच में लगाया गया है जिस कारण मैदान का एरिया कम हो रहा है और भविष्य में पानी निकासी का प्रबंध नहीं किया गया है । इस संबंध में अधिशासी अभियंता जल निगम को आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचना प्रेषित की जा रही है। दो अतिरिक्त कक्षा कक्षो एवं शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है । इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं कार्य दायी संस्था के मौके पर उपस्थित व्यक्तियों को निर्देशित किया गया कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उपजिलाधिकारी लक्सर शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा विद्यालय में छात्र-छात्राओं कोरोना वायरस के संक्रमण और बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई ।




