कोटद्वार । जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शनिवार को कोटद्वार स्थित खूनीबड़ में परिवहन निगम के रोडवेज वर्कशॉप हेतु प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर, संबंधित अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली। जिस पर रोडवेज परिवहन निगम एजीएम टीकाराम ने वर्कशॉप को लेकर विस्तार पूर्वक योजना की जानकारी से अवगत कराया। बताया कि उक्त स्थल में वर्कशॉप संचालित किया जाना प्रस्तावित है। जबकि वाहनों का संचालन बस अड्डे से किया जाना है। जिलाधिकारी ने एसडीएम कोटद्वार व संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य करवाना सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि नदी की गत वर्षो की रिपोर्ट एवं इस तरफ सुरक्षा कार्य की योजना जल्द उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि राजस्व, पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया जाएगा। अवैध खनन करते पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम कोटद्वार अपर्णा ढौंडीयाल, महाप्रबंधक उद्योग विभाग कोटद्वार मृत्युंजय सिंह, तहसीलदार कोटद्वार विकास अवस्थी , सहायक अभियंता सिंचाई विभाग कोटद्वार विनोद कुमार आदि मौजूद थे।



