कोटद्वार । कोटद्वार रेंज के अंतर्गत शहर के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को विभाग ने बंदरों को पकडऩे का काम किया। भागूवाला से आई टीम के साथ विभाग ने नगर क्षेत्र में जगह-जगह पिंजरे लगाकर 42 बंदरों को पकड़ा है। शहर के काशीरामपुर व गोविंद नगर में लंबे समय से लोग बंदरों के आतंक से परेशान थे। बंदर जहां लोगों के घरों में घुसकर उनके सामान को बर्बाद कर रहे थे, वहीं कई बार बंदरों के इंसानों पर आक्रमण की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। जिसकी शिकायत के बाद वन विभाग ने बाहर से बंदरों को पकडऩे वाली टीम के साथ क्षेत्र में कई स्थानों पर पिंजरे लगाकर बंदरों को पकडऩे का काम किया। रेंजर प्रदीप उनियाल ने बताया कि क्षेत्र में जगह-जगह पिंजरे लगाकर बंदरों को पकड़ा जा रहा है, ताकि लोगों को बंदरों से निजात मिल सके। बंदरों को पकड़कर दूरस्थ जंगलों में छोड़ा जा रहा है, जिससे वह आबादी क्षेत्र में वापस ना आ सकें।



