posted on : जुलाई 3, 2022 4:07 अपराह्न
कोटद्वार। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर बैठक का आयोजन किया और समस्याओं के निस्तारण की मांग की। परिषद के अपर कालाबड़ स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में अभी भी कई समस्याएं हैं जिनका समाधान आवश्यक है। कहा कि सबसे बड़ी समस्या शहर में सड़कों पर बेसहारा घूम रहे आवारा गौ वंश हैं, जिनकी वजह से आम जन का सड़क पर चलना दूभर हो जाता है और यातायात में भी बाधा पहुंचती है। आशा व्यक्त की कि निगम शीघ्र ही काशीरामपुर तल्ला में बनाई गई गौशाला में इन गौ वंशों को शिफ्ट करेगा। स्थानीय विधायक की इस ओर आरंभ की गई पहल का भी स्वागत किया गया। वक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में बरसाती जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है। जरा सी बरसात में शहर में जल भराव हो जाता है। वक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि निगम और जन प्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं को दूर करके आम जन को राहत प्रदान करेंगे।बैठक में जीके बड़थ्वाल, सीपी डोबरियाल, उम्मेद सिंह, बलवान सिंह, सुरेश रावत, गोपाल चौधरी और अनूप बिष्ट सहित परिषद के सभी सदस्य मौजूद रहे।


