posted on : जून 5, 2022 5:01 अपराह्न
कोटद्वार। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की इंटर कालेज मोटाढ़ाक में आयोजित बैठक में संघ की लंबित समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई। रविवार को आयोजित बैठक का आरंभ प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल शर्मा, प्रदेश महामंत्री जगमोहन रावत और जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक में वक्ताओं ने तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण व अशासकीय विद्यालयों के साथ हो रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार पर रोष व्यक्त किया। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, अशासकीय विद्यालयों में वेतन पहली तारीख को जारी करने, पूर्व की भांति स्वतरू सत्र विस्तारण का लाभ देने, अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों का भी आयुष्मान कार्ड बनाने सहित कई मांगे उठाते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
तय किया गया कि इस संबध में शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समस्याओं के निस्तारण की मांग की जायेगी। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी कैलाश थपलियाल, प्रदेश संरक्षक विनोद चंद्र दीक्षित, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल सिंह बिष्ट, प्रदीप त्यागी, संजय रावत, विनोद तड़ियाल, सुखदेव सिंह रावत, राजेश सैनी और जगदीश चौहान सहित शिक्षक संघ से जुड़े सभी शिक्षक मौजूद रहे।


