posted on : मई 23, 2022 4:59 अपराह्न
कोटद्वार । नगर व्यापार संघ ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बदरीनाथ मार्ग से लाल बत्ती चौराहे के बीच स्थित व्यापारियों के सत्तर वर्ष से भी पुराने स्वीकृत नक्शों के अनुरूप बने भवनों को फुटपाथ खाली कराने के नाम पर नगर निगम द्वारा अनैतिक ढंग से तोड़ा जा रहा है जिसका नगर व्यापार संघ निंदा करता है । व्यापार संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट और महामंत्री राजेंद्र भाटिया ने बताया कि ये भवन तत्कालीन नगर पालिका की स्वीकृतियों के आधार पर बने हुए हैं। इसलिए इन्हें अवैध नहीं माना जा सकता। नगर निगम ने भी वर्ष 2019 में प्रस्ताव पास कर कवर्ड बरामदों की यथा स्थिति बनाए रखने की बात कही है। साथ ही निगम की जांच समिति ने भी फुटपाथ को आवागमन के लिए खुले होने के साथ ही फुटपाथ के ऊपर बरामदे को शासन द्वारा मानचित्र में स्वीकृत होने की बात को स्वीकारा है। ऐसे में नगर निगम कुछ आरटीई कार्यकर्ताओं के दवाब में आकर उनकी साख को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और निगम की तानाशाही शैली के खिलाफ आंदोलन चलाया जायेगा।


