चमोली : हेमकुंड साहिब की यात्रा तैयारियों को लेकर गोविंदघाट गुरुद्वारे से भारतीय सेना घांघरिया के लिये रवाना हो गयी है। टीम शुक्रवार से यँहा पैदल यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू कर देगी। गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के ट्रस्टी नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि गोविंद घाट में पहुँची भारतीय सेना की टुकड़ी ने कल बैसाखी पर्व मनाया और आज अरदास के बाद टीम ने घांघरिया के लिए प्रस्थान किया। उन्होंने बताया कि टीम सूबेदार जगसीर सिंह एवं हवलदार मल्कीत सिंह के नेतृत्व में बर्फ़ कटान का कार्य कर यात्रा प्रारम्भ करने के लिए रास्ता सुगम बनाएगी। परम्परा रही है की यह सेवा शुरू से भारतीय सेना निभाती आ रही है। भारतीय सेना के जवानों को गोविंद घाट गुरुद्वारा के प्रबंधक सेवा सिंह ने रवाना किया। प्रशासन द्वारा भी ज़िला अधिकारी हिमांशु खुराना के दिशानिर्देश अनुसार सभी विभागों के कार्य यात्रा से पूर्व यात्रा सुगम करने के लिए प्रारम्भ हो गए हैं।




