बदरीनाथ / चमोली । चमोली जिले के अंतिम गांव माणा में शुक्रवार को उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा, सहकारिता मंत्री डाॅ. धनसिंह रावत ने जिला सहकारी बैंक की शाखा का शुभारंभ किया।
बैंक की शाखा का शुभारंभ करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि इस शाखा के खुल जाने से आने वाले समय में सीमा पर तैनात सैनिकों व द्वितीय रक्षा पंक्ति के रूप में रह रहे ग्रामवासियों और देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों को सुगमता से बैंकिंग सेवा मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक में एटीएम वैन व एटीएम लगाकर शाखा को और भी सुदृढ़ किया जाएगा। नाबार्ड के चेयरमैन जीआर चिंताला ने कहां की सीमांत जनपद के हितों के लिए व विकास कार्यों के लिए नाबार्ड के द्वार खुले हैं। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के मुख्य प्रबंधक ज्ञानेंद्र मणि ने कहा कि सहकारी बैंकों को आधुनिक सुख सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा जिससे जनता को बहुत सारे लाभ मिलेंगे।
सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि जनपद चमोली में अनेकों दूर क्षेत्रों में बैंक खुले जा रहे हैं जिससे दूरस्थ क्षेत्र के किसानों, काश्तकारों व खाताधारकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके ऐसा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिला सहकारी बैंक चमोली 17 करोड़ के मुनाफे में और शुद्ध लाभ आठ करोड़ पर प्रतिवर्ष है। बैंक किसानों, स्वयं सहायता समूह, बेरोजगारों को ऋण मेले के माध्यम से लाभान्वित कर रहा हैं। बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से जुड़ने के लिए बेरोजगारों अनेक माध्यम से रोजगार दिया जा रहा है। बेरोजगारों को रोजगार से जुड़ने के लिए अनेकों योजनाओं का लाभ लेना चाहिए।
इससे पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री व नवार्ड के चैयरमैन ने बदरीनाथ के दर्शन कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, भगवती प्रसाद लंबूरी, लक्ष्मण सिंह रावत, सांसद प्रतिनिधि किशोर सिंह पंवार, माणा के प्रधान पितांबर मोल्फा, सहकारी बैंक के सचिव महाप्रबंधक रामपाल सिंह आदि मौजूद थे।




Discussion about this post