कोटद्वार । रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने चार माह से वेतन न मिलने सहित 13 सूत्रीय मांगों पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार किया जाएगा। मंगलवार को शाखा अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह और शाखा मंत्री अनिल नेगी के नेतृत्व में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को चार महीने से वेतन न मिलने के कारण वह भूखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। घर का खर्च चलाने के लिए कर्जा सहित लोन लेने तक की नौबत आ गई है। उन्होंने दीपावली से पहले कम से कम दो माह का वेतन देने की मांग, निगम के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मियों को प्रोत्साहन योजना का लाभ, समान काम और वेतन, निगम के सेवानिवृत और मृतक कर्मियों के परिजनों को देयकों का भुगतान, मृतक आश्रितों को नियुक्ति की मांग सहित 13 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए प्रदर्शन किया। इस मौके पर संदीप राणा, रामप्रकाश शर्मा, सुधीर शर्मा, संतोष भट्ट, संदीप क्षेत्री, रवीन्द्र सिंह, भूपेंद्र रावत, कुलदीप प्रसाद, जितेन्द्र रावत, आनन्द सिंह,अनिमेश ,सुनील रावत, सुनील जुयाल, विनोद गुसांई, सुखविंदर सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे ।




Discussion about this post