कोटद्वार । उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन के गढ़वाल क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में स्थायी क्षेत्रीय प्रबन्धक की तैनाती को लेकर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा हरक सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन प्रेषित करते हुए संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष जेपी बहुखंडी व मंत्री बीएम कन्याल ने कहा कि वर्तमान में टिहरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पर गढ़वाल क्षेत्र के अलावा उत्तराखंड वन विकास निगम देहरादून मुख्यालय स्तर के कार्यभार भी है।अधिक व्यस्तता के कारण क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल क्षेत्र को पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं जिससे निगम के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।स्थिति यह है कि कोटद्वार में स्थायी रूप से क्षेत्रीय प्रबन्धक न बैठने के कारण कार्यालय कार्मिकों को समय समय पर कार्यालय संबंधी डाक लेकर क्षेत्रीय प्रबन्धक के पास देहरादून जाना पड़ रहा है।इससे जहां कार्मिकों का समय बर्बाद हो रहा है वहीं कर्मिकों के यात्रा भत्ता बिल के रूप वन विकास निगम पर अतिरिक्त व्यय भार पड़ रहा है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों की प्रबन्ध निदेशक से देहरादून में वार्ता हो चुकी है लेकिन उसके बावजूद स्थायी क्षेत्रीय प्रबंधक की तैनाती नहीं हो पायी है। संगठन ने वन एवं पर्यावरण मंत्री से शीघ्र इस संबंध में ठोस कदम उठाने की मांग की है।




Discussion about this post