posted on : मई 31, 2022 5:25 अपराह्न
कोटद्वार। प्रदेश में राशन कार्ड के बदले नियमों पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व में रोष प्रकट किया है साथ ही सरकार का पुतला भी दहन किया गया । मंगलवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील चौराहे पर एकत्रित हुए। राशन कार्ड के नए नियमों का विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि राशन कार्ड के लिए पात्र और अपात्र को लेकर जनता में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस सरकार के समय जहां कार्ड धारकों को दालें, नमक, चीनी और केरोसीन आदि मिल जाता था वहीं खुद को जनता का हितैषी मानने वाली भाजपा सरकार ने ये सभी जरूरी चीजें बंद कर राशन कार्ड के उलटे सीधे मानक तय कर दिए। कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम में राशन कार्ड सरेंडर का नियम ही नहीं है। कोविडकाल में जनता रोजगार छिन जाने के कारण परेशान हैं वहीं सरकार तुगलकी फरमान जारी करने पर लगी हुई है। चेतावनी दी कि राशन कार्ड के नियमों में शीघ्र ही परिवर्तन नहीं किया गया तो यूथ कांग्रेस जन सहयोग से आंदोलन पर बाध्य होगी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया ।


