posted on : अप्रैल 2, 2022 4:48 अपराह्न
कोटद्वार। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है जिससे लोगों का जीवन बेहाल हो गया है। शनिवार को तहसील के समीप प्रदेश सरकार का पुतला दहन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील हो गई है इसलिए जनता के बारे में नहीं सोच रही है।
कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है जिससे आम जनमानस परेशान है। कहा कि एक ओर सरकार पेट्रोल डीजल रसोई गैस एवं बिजली पानी के दाम बढ़ाए जा रही है वहीं दूसरी ओर सरकार विभिन्न विभागों में पदों को समाप्त करने के साथ ही कोरोनाकाल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभागों में लगे कर्मचारियों को भी निकाल रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर शीघ्र समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, जिला महासचिव मनीष चौहान, प्रमोद रावत, मनोज गुसाईं, आकाश नेगी, अजरुद्दीन, आकाश नेगी, मोहम्मद रानू, अमन, प्रियांशु आदि शामिल रहे।




