posted on : जून 9, 2022 9:00 पूर्वाह्न
कोटद्वार : उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने उत्तराखण्ड के समस्त स्पा व मसाज पार्लर को बंद करने का आवाहन किया है। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह रावत ने कहा कि हर देश, राज्य व समाज की अपनी एक संस्कृति होती है। देवभूमि की पावन परंपरा में मसाज और स्पा का कोई स्थान नहीं है। राजपाल सिंह रावत ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड योग और आयुर्वेद की जन्मभूमि है। आज पूरी दुनिया के लोग योग और आयुर्वेद को सीखने समझने की ओर प्रवृत्त हो रहे हैं, और तब हमारे भाजपा के चंद चाटुकार मसाज और स्पा पॉलिसी को उत्तराखण्ड में अनावश्यक रूप से पुष्पित पल्लवित करना चाहते हैं।
उविपा उपाध्यक्ष राजपाल सिंह रावत ने कहा कि मसाज और स्पा के लिए लोग गोवा दमन दीव आदि स्थानों पर जा सकते हैं। हमारी धरती देवों की धरती है और यह हम गढ़वालियों का परम कर्तव्य है कि हम भगवान बदरीनाथ एवं केदारनाथ की भूमि पर आधुनिकता के नाम पर किसी भी अनाचार को बढ़ावा ना दें । उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में योग और आयुर्वेद दो चीजों को बढ़ावा दिए जाने की जरूरत है। जबकि भाजपा मसाज पॉलिसी लेकर तमाम विज्ञापन कर रही है, और पुलिस के द्वारा मारे जा रहे छापों में हकीकत निकल कर आ रही है। उन्होंने कहा कि यह दोगलापन बन्द होना चाहिए ।




