posted on : सितम्बर 7, 2022 5:08 अपराह्न
रिखणीखाल । प्रखण्ड रिखणीखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी से पण्डित दीनदयाल उपाध्याय राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक बिष्णु पाल सिंह नेगी का विद्यालय आगमन पर क्षेत्रवासियों, छात्र छात्राओं ने बैण्ड बाजा ,कैशियो के साथ भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया। विद्यालय के शिक्षक डॉ. अम्बिका प्रसाद ध्यानी के नेतृत्व में समस्त छात्र छात्राओं तथा विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों को एकजुट कर बस स्टैंड कोटड़ी छन्यूं पर फूल मालायें, नोटों की मालाओं तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
जहां से राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी के बैण्ड दल प्रभारी अखिल रावत, आयुष व लक्की तथा क्षेत्र वासियों की ओर से विनोद लाल, गुड्डा एवं इल्लीदास का बैण्ड दल विद्यालय पहुंचा। इस बात से बेखबर शिक्षक बिष्णु पाल सिंह नेगी अचम्भित रह गए कि यह अचानक कैसे हो गया। विद्यालय में अपने अनुभव साझा करते हुये उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार इन बच्चों को समर्पित है जिनको देखकर कुछ नया करने की ललक हो पाती है और हम विद्यालय के विकास हेतु शैक्षिक व भौतिक रूप में में निरन्तर सक्रिय रह पाते हैं।
कार्यक्रम में बिष्णु पाल सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री व विभागीय उच्चाधिकारियों से अपील की कि विद्यालयों से कम छात्र छात्राओं पर समायोजन कहीं न कहीं उन शेष रहे बच्चों से छल साबित हो सकता है क्या पता उन तीन या पांच बच्चों में कोई भावी विलक्षण प्रतिभा छिपी हुई हो जैसे आईएएस मंगेश घिल्डियाल में थी । साथ ही बेसिक शिक्षा में कम से कम चार अध्यापक नियुक्त होने चाहिए ताकि शैक्षिक उद्देश्यों की प्रतिपूर्ति हो सके । इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रकाश रावत, सतेंद्र पटवाल, अध्यक्ष अनीता देवी, शारदा देवी, भागा देवी, कल्याण सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य जशोदा देवी, प्रतिभा देवी, कमला देवी, शाकम्बरी देवी, सरदार सयन सिंह रावत, सतीश रावत, रमेश जोशी, दिलवर सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह रावत, कुमारी नम्रता, अनिल रावत,भानु प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सविता देवी, रणजीत सिंह, जितेन्द्र सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शोभा देवी, लक्ष्मी देवी आदि समेत कई लोग मौजूद रहे।



