- चमोली पुलिस ने जिलेभर में चलाया जागरूकता अभियान
- छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को दी जानकारी
गोपेश्वर (चमोली)। दोपहिया वाहन पर अब चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। 23 नवंबर से इस नियम का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चमोली पुलिस ने जिलेभर में जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर शनिवार को पोखरी, गोपेश्वर, गैरसैंण, ज्योतिर्मठ, चमोली और थराली सहित विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पोखरी पुलिस ने राजकीय महाविद्यालय नागनाथ और राजकीय पॉलिटेक्निक में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। वहीं यातायात पुलिस सहित विभिन्न थाना और कोतवाली पुलिस ने भी लोगों को हेलमेट की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया।
पुलिस ने बताया कि दोपहिया वाहन पर सफर के दौरान चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है। अब तक कई लोग केवल चालक के हेलमेट पहनने को ही पर्याप्त मानते रहे हैं, जबकि दुर्घटना की स्थिति में पीछे बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो सकता है। इसी को देखते हुए नियम के पालन पर सख्ती की जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक यातायात त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान लोगों को जागरूकता पंपलेट भी बांटे गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि 23 नवंबर से पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ चालान किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट की स्ट्रिप लॉक करने और स्वयं के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।







