गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के वरिष्ठ पत्रकार जगदीश पोखरियाल को जन सरोकारों और ईमानदार मूल्यों की पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। आरएसएस के विश्व संवाद केंद्र के तत्वाधान में देहरादून के राजकीय मेडिकल कॉलेज में यह सम्मान प्रदान किया गया। इसके तहत प्रशस्ति पत्र और नगद धनराशि प्रदान करने के साथ शॉल ओढ़ा कर उन्हें सम्मान से नवाजा गया। नारद जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की भारतीय प्रचार टोली के अखिल भारतीय संयोजक मुकुल कानितकर ने कहा कि वर्तमान समय संचार व संवाद का समय है। राष्ट्रीयता के साथ संवादों को गहन विचार के बाद ही प्रसारित किया जाना चाहिए। कानितकर ने इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वाले पत्रकार भारत चौहान, रश्मि खत्री, जगदीश पोखरियाल, नागेंद्र उनियाल, राजीव खत्री व भुवन उपाध्याय को सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिमालय हुंकार पत्रिका की नारद जयंती विशेषांक और गंगा गाथा नाटक पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
उन्होंने कहा कि संवाद राष्ट्र को सुदृढ़ करने के लिए ही किया जाना चाहिए। महाभारत, रामायण काल के प्रसंग को जोड़कर उन्होंने वर्तमान पत्रकारिता का खाका खींचा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कई ऐसे समाचार प्रसारित किए गए जिनसे नुकसान हो सकता था। ऐसे संवादों को विस्तार देने से हमें बचाना चाहिए। उन्होंने ऑपरेशन पूरा होने के बाद की हालातों पर संवाद स्थापित करने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अध्यक्षता करते हुए यूपीइएस कुलपति प्रो. राम के. शर्मा ने वेद, उपनिषद, विज्ञान के आधार पर शोध कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन नितांत आवश्यक है और अध्ययन जीवन को सार्थकता प्रदान करती है। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र खंडूड़ी और बलदेव पाराशर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र कुमार, विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, विश्व संवाद केंद्र के निदेशक विजय कुमार हिमालय हुंकार के संपादक रणजीत सिंह ज्वाला, विभाग प्रचारक धनंजय सहित अन्य मौजूद रहे।


