posted on : दिसम्बर 14, 2021 5:49 अपराह्न
कोटद्वार। प्राइवेट स्कूल वैलफेयर सोसाइटी के द्वारा प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं महापौर हेमलता नेगी को सम्मानित किया गया, साथ ही नगर निगम के द्वारा प्राइवेट स्कूलों पर टैक्स लिये जाने एवं प्राधिकर लागू होने से पूर्व में बने पुराने भवनों को प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।
महाराजा वैडिंग प्वाइंट में प्राइवेट स्कूल वैलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सोसाइटी के प्रबधंकों एवं प्रधानाचार्यो ने पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी के द्वारा पूर्व में किये गये विकास कार्यो सहित कांग्रेस सरकार के द्वारा शिक्षा अधिकार अधिनियम को लागू करने के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राइवेट स्कूल वैलफेयर सोसाइटी ने महापौर ज्ञापन सौंपते हुए वर्तमान में लग रहे टैक्स को समाप्त करने तथा प्राधिकरण लागू होने से पहले बने स्कूलों के भवनों के नक्शों को ही प्रमाणित कर प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग की है।
अपने संबोधन में महापौर हेमलता नेगी ने कहा कि नगर निगम बनाते समय प्रदेश सरकार ने दस सालों तक किसी भी प्रकार टैक्स न लिये जाने की बात कही थी, उन्होंने प्राइवेट स्कूल वैलफेयर सोसाइटी का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी प्राइवेट स्कूल एवं दुकानदार को व्यावसायिक कर के लिए बाध्य नहीं किया जायेगा।
पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही जबरदस्ती जनता पर नगर निगम थोप दिया है, तथा अब भोली भाली जनता से हर प्रकार से टैक्स वसूलने का धंधा बना दिया है, उन्होंने कहा कि आगामी 2022 के विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की सरकार के सत्ता में आते ही व्यावसायिक टैक्सों के अलावा समस्त प्रकार के टैक्सों को समाप्त कर दिया जायेगा, साथ ही विकास प्राधिकरण को भी पूरी तरह से निरस्त कर दिया जायेगा, कहा कि जनता के राय पर नगर निगम में सम्मिलित नये ग्राम सभाओं को भी फिर से अस्तित्व में लाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सिर्फ प्राइवेट स्कूलों, दुकानदारों को जानबूझकर परेशान करने में लगी हुई है, सरकार को आम जनता से कोई लेना देना नहीं है, कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने शिक्षा अधिकार अधिनियम जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं को संचालित कर समाज के हर वर्ग के लिए बेहतर एवं उच्च शिक्षा के द्वार खोल दिये थे। इस मौके पर सोसाइटीे के अध्यक्ष अजय पाल सिंह रावत, सचिव चन्द्रशेखर, सह सचिव जेम्स सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती रेणुका गुसांई, करूणेश कुकरेती, कोषाध्यक्ष कैलाश चंद्र सहित कार्यकारिणी के सस्य वरूण भदोला, गणेश तडियाल, हरेन्द्र सिंह नेगी, गणेश ध्यानी, वीरेन्द्र सिंह, रमेश भारद्वाज, दीपक गौड, मौजूद थे।




