posted on : जुलाई 20, 2022 7:41 अपराह्न
पौड़ी : श्रावण माह के शुभारंभ के साथ ही कांवड़ यात्रा 2022 की शुरुआत हो गयी है। नीलकंठ महादेव और बम बम भोले के जयकारों के बीच शिवभक्त नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन कर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ने लगे है। जिसके दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी गढ़वाल यशवन्त सिंह चौहान द्वारा कांवड़ मेले के दौरान अधीनस्थ समस्त पुलिस कार्मिकों को मानवतावादी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिसके क्रम में थाना लक्ष्मणझूला कांवड़ मेला क्षेत्र अंतर्गत किसी भी शिवभक्तों या कावड़ियों के खो जाने या परिजनों से बिछड़ने पर जनपद पौड़ी पुलिस द्वारा उनकी खोजबीन कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द करने हेतु 03 खोया पाया केन्द्र बनाये गये है। जिनमें 1.रामझूलापुल, 2.जानकीपुल एवं 3.नीलकंठ चौकी खोया पाया केन्द्र हैं। जिन केंद्रों पर महिला पुलिस कर्मियों को नियुक्त किया गया है। जहाँ शिव भक्त या कावड़िया के खो जाने पर जनपद पुलिस द्वारा उनकी खोजबीन कर उनके परिजनों से मिलाया जा रहा है। जनपद पुलिस द्वारा अब तक 121-पुरुष, 79-महिलाएं, 98- बुजुर्ग एवं 23 बच्चों को खोजबीन कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
अपील
- अपने किसी भी परिजन के गुम हो जाने पर उसकी सूचना अपने नजदीकी ड्यूटी पर कार्यरत पुलिस कर्मियों को दें।
- किसी भी विषम परिस्थिति में डायल-112 पर कॉल करें।


