- कपाट बंदी के बाद वापसी में चमोली पुलिस और एसडीआरएफ का सफाई अभियान
गोपेश्वर (चमोली)। भगवान रुद्रनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद लौट रहे चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने ल्वीटी बुग्याल में सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश की। जवानों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बुग्याल में फैले कचरे को एकत्र किया और हिमालय की प्राकृतिक धरोहर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
रुद्रनाथ यात्रा से वापसी के दौरान जवानों ने धार्मिक दायित्व के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाई। ल्वीटी बुग्याल जैसे संवेदनशील प्राकृतिक क्षेत्र में फैला कचरा न केवल इसकी सुंदरता बिगाड़ता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी नुकसानदेह है। ऐसे में जवानों की इस पहल ने पर्वतीय पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने की जरूरत को रेखांकित किया।
चमोली पुलिस और एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की कि यात्रा के दौरान प्लास्टिक, खाद्य पदार्थों के रैपर और अन्य कचरा बुग्यालों व पैदल मार्गों पर न छोड़ें। अपने साथ लाए सामान से निकलने वाले कचरे को वापस लाकर निर्धारित स्थान पर ही निस्तारित करें, ताकि हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।







