posted on : दिसम्बर 15, 2021 4:48 अपराह्न
पौड़ी : सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल संदीप कुमार तिवारी के द्वारा मंगलवार को बेस अस्पताल श्रीनगर स्थित कोविड सेन्टर का निरीक्षण किया गया। कोविड-19 की द्वितीय लहर समाप्त होने के पश्चात् कोविड-19 के नये वैरियेन्ट ओमिकान की पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में भी दहशत होने के कारण कोविड सेन्टर में वर्तमान समय में स्थित व्यवस्थाओं एवं तृतीय लहर आने की स्थिति में उससे निपटने हेतु की गयी तैयारियों का जायजा लेने हेतु सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री तिवारी के द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल व मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी गढ़वाल को सूचित कर यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. के.पी. सिंह के द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान समय में इस कोविड सेन्टर में 05 व्यक्ति चिकित्सारत है, जिनमें कोई भी गम्भीर लक्षण नहीं है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय की ओर से अवगत कराया गया कि सप्ताह के सातों दिन 24 घण्टें कोविड की जॉच वहाँ पर की जाती है। रैपिड एन्टिजेन टेस्ट के माध्यम से 24 घण्टें जांच की जाती है, जबकि आर०टी०पी०सी०आर० के माध्यम से जाँच की सुविधा सोमवार को छोडकर प्रत्येक दिन प्रातः 09:00 बजे से सांय 03 बजे तक की जाती है। कन्ट्रोल रूम के माध्यम से 24 घण्टें सेवाऐं प्रदान की जाती है। अस्पताल की ओर से यह भी अवगत कराया गया कि अस्पताल में प्रर्याप्त मात्रा में एम्बूलेन्स, कोविड डेडिकेटिड बेड आई सी०यू० वेन्टिलेटर बच्चों के लिए अलग से वेन्टिलेटर की व्यवस्था है।
कोविड केयर सेन्टर के नोडल ऑफिसर के द्वारा अवगत कराया गया कि यदि कोई व्यक्ति अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती होता है तो उसे उसकी इच्छानुसार भोजन आदि भी अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। गैस प्लान्ट के इन्चार्ज डा० ए०एन पाण्डे के द्वारा कई गैस प्लान्ट दिखाते हुए अवगत कराया गया कि अस्पताल में आक्सीजन की कोई कमी नहीं है। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई की व्यवस्था उत्तम पाई गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा हेल्पलाईन पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को आवश्यक रूप से सभी फोन कॉल रिसीव कर आवश्यक सहायता पहुचाने हेतु निदेर्शित भी किया गया। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संदीप कुमार तिवारी के साथ एम०एस० डॉ० के०पी० सिंह, डिप्टी नोडल आफिसर डॉ० अर्जुन सिंह, इन्चार्ज गैस प्लान्ट डा० ए०एन०पाण्डे, हेड ऑफ डिपार्टमेन्ट पिडियाट्रिक्स डा० व्यास राठौर, हेड ऑफ डिपार्टमेन्ट एनेथिसिया डॉ० अजय विक्रम कोविड मरीजों की फिजिशियन डॉ० लिना फरस्वान उपस्थित थे।




