पौड़ी : गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन द्वारा 20 दिसम्बर, 2020 से कोटद्वार में भर्ती रैली का आयोजन किया जायेगा। भर्ती रैली में भाग लेने से पूर्व नगर सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसके तहत आज विकास खण्ड कोट के सभागार में युवाओं को भर्ती पूर्व प्रशिक्षण दिये जाने हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया।
नगर सेवायोजन अधिकारी पौड़ी मुकेश रयाल ने बताया कि भर्ती के इच्छुक युवाओं हेतु समस्त विकासखंड़ों में एक दिवसीय परामर्श सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शारीरिक मानदंड़, परीक्षा एवं भर्ती में आवश्यक अभिलेख के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 04 दिसम्बर, 2020 को विकासखंड पाबौ के सभागार में प्रातः 10:00 बजे से भर्ती पूर्व प्रशिक्षण काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।

सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि आज विकासखंड कोट के सभागार में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित युवाओं को शारीरिक मानदंड़, शारीरिक परीक्षा एवं भर्ती में आवश्यक अभिलेख के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही अद्यतन विज्ञापित वायु सेना भर्ती के संबंध में भी युवाओं को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि भर्ती पूर्व प्रशिक्षण में 17 युवाओं ने प्रतिभाग किया। आयोजित कार्यक्रम में रिसर्च फेलो विनीत चकवाल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को लिखित परीक्षा पाठ्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दिनेश प्रसाद बडोनी सहित राहुल, विकास, रोहित, अभिषेक आदि मौजूद थे।





Discussion about this post