posted on : अगस्त 7, 2025 9:17 अपराह्न
टिहरी : गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में वेस्ट मैनेजमेंट संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों की सफाई व्यवस्था, कूड़ा वाहन, ट्रेंचिंग ग्राउंड व अन्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकतर नगर निकायों द्वारा ठोस कूड़ा निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध न होने की बात सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद चंबा व नई टिहरी के लिए ठोस अवशिष्ट प्रबंधन हेतु स्थान निर्धारित कर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य निकायों को भी उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन शुरू करें। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य में आने वाली किसी भी समस्या या आवश्यकता के संबंध में समय से अवगत कराएं, जिससे त्वरित समाधान किया जा सके। बैठक में एसडीओ वन विभाग रश्मि ध्यानी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशान्त भारद्धाज, जल निगम चंबा के एन. सेमवाल, ईओ नगर पालिका टिहरी/चंबा प्रशान्त सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।




