कोटद्वार । नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल एम्पलाइज द्वारा गुरुवार को होने वाली देशव्यापी हड़ताल को राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा द्वारा अपना पूर्ण समर्थन दिया गया है। डाक सहायक वर्ग के मंडल अध्यक्ष एवं प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य पदम भूषण नेगी एवं अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवा के मंडल सचिव एवं प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य विजय सिंह राणा को अपना समर्थन पत्र सौंपते हुए मोर्चे ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मांग पत्र में प्राथमिकता देने पर फेडरेशन का आभार प्रकट किया है और आश्वासन दिया है कि उनके द्वारा भविष्य में भी होने वाले आंदोलनों में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा अपना पूर्ण समर्थन देता रहेगा और इस मुद्दे पर बढ़-चढ़कर साथ देते हुए कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष नरेश बडोनी ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारा हक है और हम इसे प्राप्त करके रहेंगे। इसके लिए जो भी संगठन आंदोलन करेंगे एवं लड़ाई लड़ेंगे राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उसका समर्थन करेगा।
इस अवसर पर प्रांतीय सचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि नई पेंशन योजना एक छलावा है जो कि पूरी तरह से शेयर बाजार पर निर्भर है। जिसका कि भविष्य अनिश्चित है और यह सरकारी कर्मचारियों के लिए एक धोखा है। इसलिए हम इस लड़ाई को अंतिम पायदान तक पहुंचाने में हर उस संगठन का साथ देंगे जो इसके लिए लड़ाई लड़ेगा। प्रांतीय महिला उपाध्यक्ष योगिता पंत ने कहा कि मातृशक्ति भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेगी और समस्त महिला कार्मिकों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें पुरानी पेंशन बहाली हेतु होने वाले आंदोलनों से जोड़ती रहेगी।
मोर्चा के गढ़वाल मंडल के अध्यक्ष जयदीप रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है इसे देने से कोई भी सरकार इंकार नहीं कर सकती। जहां जनप्रतिनिधियों को एक बार चुनने पर ही पुरानी पेंशन का लाभ मिल रहा है वही सरकारी सेवक 60 वर्ष तक की सेवा करने के बाद भी अपने भविष्य को सुरक्षित नहीं कर पा रहा है। मोर्चा के प्रांतीय संयोजक मिलिंद बिष्ट समर्थन पत्र देते हुए कहा कि नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल एम्पलाइज की हड़ताल में मोर्चा के प्रदेश के समस्त सदस्य एवं पदाधिकारी आंशिक रूप से सम्मिलित होकर इसे अपना पूर्ण समर्थन देंगे जिससे कि इस लड़ाई को और तेजी और मजबूती मिल सके।




Discussion about this post