कोटद्वार / गढ़वाल : उत्तराखंड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी ने कहा कि चीन पेयोंग घाटी में घुसपैठ के बाद नेपाल के रास्ते भी अपनी घुसपैठ बढ़ाना चाहता है, ऐसे में राज्य की राजधानी गैरसेंण बनाने से हमारे सीमावर्ती इलाके ज्यादा सुरक्षित होंगे और हम चीन को कड़ी टक्कर देने के लिए मजबूत रहेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी गैरसेंण जाने से उत्तराखण्ड के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी राजधानी को मिलने वाला बजट लगेगा जो कि जनसामान्य के लिए तो हितकारी होगा ही साथ ही सैन्य योजनाओं को भी उन समस्त योजनाओं से लाभ मिलेगा, जिससे सीमा पर सेना द्वारा की जा रही चौकसी को बल और सुविधाएं मिलेंगी । सीमाओं से राजधानी तक सड़कों का विस्तार, बिजली ,पानी की दिक्कतों का दुरुस्तीकरण होने से व संचार सुविधाओं में बढ़ोतरी होने से सैन्य बलों को ये सुविधायें आसानी से उपलब्ध हो जाएंगी। यानी एक ही खर्च पर हमारी सैन्य व सिविल आवश्यकताओं की आसानी से पूर्ति हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजधानी गैरसैंण बनाने से उत्तराखण्ड के सीमावर्ती इलाको में विकास होगा व हम चीन को मजबूती के साथ कड़ी टक्कर देने के लिए मजबूत हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें उत्तराखण्ड की सीमाओं की रक्षा के लिए चीन हमले के बाद तैयार की गई गोरिल्ला सेना को भी पुनर्जीवित करना पड़ेगा।




Discussion about this post