posted on : जुलाई 10, 2022 4:54 अपराह्न
कोटद्वार : उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने का कड़ा विरोध किया है। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के सचिव एडवोकेट जगदीश चंद्र जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार से व्यापार घाटा नहीं संभाला जा रहा है और इसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का व्यापार घाटा दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है , जिसकी वजह से विदेशी कर्जों में बेतहाशा वृद्धि भी हुई है । पिछले एक साल पर ही नज़र डालें तो व्यापार घाटा 102 अरब डॉलर से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2021- 22 में 189 अरब डॉलर हो गया है। देश को वित्तीय संतुलन में रखने के लिए विदेशी क़र्ज़ महज 8 साल में डेढ़ गुना हो गया है। जो विदेशी क़र्ज़ 2014 में 450 अरब डॉलर के आस पास था , वो बीते 8 सालों में 621 अरब डॉलर से ऊपर जा चुका है ।

एडवोकेट जगदीश चन्द्र जोशी ने कहा कि सरकार को इसी साल तकरीबन 250 अरब डॉलर का कर्ज भी चुकाना है, भारत का विदेशी मुद्रा कोष सिर्फ जून माह में 5 अरब डॉलर कम हुआ है । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की वित्तीय स्थिति को नहीं थाम पा रही है और इसलिए आम जरूरत की वस्तुओं जैसे गैस आदि में बढ़ौतरी तो कर ही रही है साथ ही साथ अनाप-शनाप टैक्स भी लगा रही है। क्योंकि जनता की कमाई में कोई बढ़ौतरी नहीं हो रही है और महंगाई लगातार बढ़ रही है इससे आम जनता परेशान है मगर भाजपा सरकार ने मीडिया का मुंह बंद कर रखा है। एडवोकेट जगदीश चंद्र जोशी ने गैस के दामों को तुरंत घटाने और आम जरूरत की वस्तुओं पर भी टैक्स घटाने की मांग की है।


