हरिद्वार : ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने एक वाहन चोर व एक कबाड़ी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे तीन बाइकें और कबाड़ी के गोदाम में काटी गई 11 बाइकों का कलपुर्जे बरामद हुए है।
शहरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ज्वालापुर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में कोतवाली स्तर पर पुलिस टीम का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भेल सेक्टर टू बैरियर से भगत सिंह चौक जाने वाले मार्ग से चार आरोपितों को धर दबोचा। आरोपितों ने अपने नाम आलोक तिवारी निवासी लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश हाल निवासी कृपाल आश्रम रावली महदूद सिडकुल, कुर्बान, अब्दुर्रहमान व सूरज सैनी निवासीगण कस्बा गंगोह, सहारनपुर हाल निवासी डैंसो चौक सिडकुल हरिद्वार बताया। उनकी निशानदेही पर ज्वालापुर, रानीपुर और सिडकुल क्षेत्र से चोरी हुई तीन बाइकें बरामद हुई।
एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस ने बताया कि आलोक तिवारी बाइक चोर है। जबकि कुर्बान कबाड़ी है। डैंसो चौक सिडकुल स्थित कुर्बान के गोदाम में अब्दुर्रहमान व सूरज सैनी के साथ मिलकर चोरी की बाइकें काटकर इंजन, साइलेंसर आदि अलग कर दिया जाता था। आरोपितों को गोदाम पर ले जाकर 11 बाइकों की पेट्रोल टंकी, 10 साइलेंसर, 18 शॉकर, 20 रिम, दो टायर बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि चेचिस व इंजन नंबर के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि यह बाइकें कहां-कहां से चोरी हुई हैं। पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय व कोतवाल प्रवीण कोश्यारी सहित पुलिस टीम मौजूद रही।





Discussion about this post