posted on : अगस्त 31, 2022 7:10 अपराह्न
कोटद्वार । भगवान श्री गणेश के उपासकों की इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई है। बुधवार को शहर में विघ्नहर्ता और दुखहर्ता भगवान श्री गणेश का आगमन हुआ। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं ने शोभायात्रा निकाली ।शहर में कई जगहों पर गणपति बप्पा की मूर्ति की स्थापना की गई । सिद्धि विनायक सेवा समिति व गजानन समिति के सदस्यों ने बुधवार सुबह दस बजे भगवान की शोभायात्रा निकाली, जो शहर के विभिन्न मोहल्लों से गुजरकर पंडालों में पहुंची। शोभायात्रा से पूरा वातावरण गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा। दोपहर 12 बजे भगवान की मूर्ति की विधिवत स्थापना की गई। इसके बाद हवन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर लोगों को प्रसाद भी वितरित किया गया। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव का समापन नौ सितंबर को गणपति की मूर्ति के विसर्जन के बाद किया जाएगा।


