posted on : अगस्त 13, 2025 3:58 अपराह्न
कोटद्वार (गौरव गोदियाल)। वर्तमान सरकार में अधिकारी व कर्मचारी इतने बेलगाम हो गये है कि वह अपना कर्तव्य तक ही भूल गए हैं । ताजा प्रकरण बुधवार को वनविभाग का है, नगरनिगम कोटद्वार क्षेत्र के गोविंद नगर के एक घर में लगभग सात फिट लंबा कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन कई घंटे बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नही पहुंची। इसके बाद सांप रेंगता हुआ रेलवे लाइन की तरफ चला गया जिससे अगल बगल रह रहे लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है । स्थानीय निवासियों ने बताया कि सांप लगभग सात से आठ फीट तक था और कोबरा लग रहा था ।
स्थानीय निवासी गौरव ने बताया कि सबसे पहले इसकी सूचना सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर एसडीओ पूजा पयाल को दी गई । इसके बाद आधे घंटे तक जब कोई कर्मचारी नहीं आया तो पुनः एसडीओ पूजा पयाल को 11 बजकर 53 मिनट पर फोन किया गया जिसके बाद वन विभाग की कोटद्वार रेंज के कर्मचारी राहुल चमोली का 11 बजकर 57 मिनट पर फोन आया और बताया कि एक कर्मचारी आ रहा है किंतु इसके दो घंटे बाद तक भी न तो कोई कर्मचारी आया और ना ही किसी का फोन आया । जिसकी सूचना एसडीओ लैंसडाउन को दोपहर 2 बजकर 8 मिनट पर दी गई । अब देखने वाली बात यह होगी कि इन लापरवाह कर्मचारियों पर वन विभाग द्वारा क्या कार्यवाही अमल में लाई जाती है ।



