- कोटद्वार में सुखरो देवी बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति की वार्षिक बैठक और वृहद किसान ऋण मेले में विधानसभा अध्यक्ष ने किया प्रतिभाग
- किसानों को सहकारिता विभाग की योजनाओं, ऋण सुविधाओं और स्वरोजगार के अवसरों की दी गई जानकारी
कोटद्वार। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना, उन्हें सरलता से ऋण उपलब्ध कराना तथा कृषि एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह बात विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कही।
किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने मथुरा वेडिंग पॉइंट, कोटद्वार में सुखरो देवी बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड, विकासखंड दुगड्डा की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सहकारिता विभाग, पौड़ी गढ़वाल की ओर से आयोजित वृहद किसान ऋण मेले में भी सहभागिता की। कार्यक्रम में किसानों को सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। किसानों को योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें किसान
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि से ही ग्रामीण क्षेत्रों का विकास संभव है। किसानों को समय पर और सहज रूप से ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही कृषि एवं स्वरोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से सहकारिता विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि सहकारी समितियां किसानों और ग्रामीण समुदायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
जनप्रतिनिधि और सहकारिता विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में चेयरमैन पंकज रावत, जीएम संजय रावत, डीसीडीएफ रवींद्र नेगी, मंडल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, अतिया त्रिपाठी, जितेंद्र नेगी, रजत भट्ट, सहकारी समिति की अध्यक्ष अमिता बिष्ट, उमेश त्रिपाठी, वरिष्ठ नागरिक पातीराम ध्यानी, विजय लखेड़ा, जीवन कोठारी एवं समिति की सचिव पुष्पा देवी सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।







