posted on : सितम्बर 3, 2022 5:13 अपराह्न
श्रीनगर। कांग्रेस ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण से लाखों बेरोजगार विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटकाने के पीछे भाजपा सरकार को दोषी ठहराते हुए मामले की अविलंब सीबीआई जांच की मांग करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित आक्रोशित युवाओं का कहना है कि विद्यार्थी वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं लेकिन पेपर लीक प्रकरण के कारण उन्हें रोजगार से ही वंचित होना पड़ता है।
गुरुवार को श्रीनगर के ऐतिहासिक गोला पार्क में धरना प्रदर्शन व भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं व बेरोजगारों ने कहा है कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में हुई धांधली और विधानसभा में हुई भर्तियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं व युवा बेरोजगारों ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व युवाओं ने कहा कि यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण से लाखों बेरोजगार विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। विद्यार्थी वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं लेकिन पेपर लीक प्रकरण के कारण उन्हें रोजगार से ही वंचित होना पड़ता है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पुण्डीर ने कहा कि उपरोक्त परीक्षा और विधानसभा में हुई नियुक्तियों के कारण युवाओं में भारी निराशा है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। इस अवसर पर कांग्रेस पीसीसी बीरेंद्र सिंह नेगी, मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी,भगत सिंह डागर,सभासद संजय फौजी, सभासद विनोद मैठाणी, परवेज अहमद आदि मौजूद थे।


