posted on : मई 8, 2023 4:44 अपराह्न
कोटद्वार। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक के चिंतापुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी मनीकांत राठौर ने परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने पर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया है। इस बात से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को मनीकांत राठौर के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। भाजपा नेता के उनके साथ किए गए दुर्व्यवहार से कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हैं। इसलिए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जानी चाहिए। कहा कि भाजपा नेता सत्ता के मद में अमर्यादित आचरण पर उतर आए हैं, जिसका विरोध जारी रहेगा। तहरीर देने वालों में सुनील सेमवाल, राकेश शर्मा, विजय माहेश्वरी, रजनीश उप्पल, सूरज कांति, धीरेंद्र बिष्ट, बृजपाल सिंह नेगी, अंकुश घिल्डियाल और नीरज बहुगुणा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।


