posted on : जुलाई 20, 2022 5:05 अपराह्न
कोटद्वार। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को व्यापक कर सहित विभिन्न मांगों के संबंध में जोरदार प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया । बुधवार को सभी कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल एवं यूथ कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में दुर्गापुरी स्थित एक बारातघर के सम्मुख एकत्रित हुए। वहां से कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में दुर्गापुरी चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने व्यापार कर न लेने संबधी प्रस्ताव को पारित करने के बाद भी व्यापारियों पर कर थोपने आरंभ कर दिए हैं, साथ ही खाली भू खंडों पर भी कर व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया चालू कर आम जन का उत्पीड़न करना आरंभ कर दिया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
बताया कि वर्तमान में भी भाबर क्षेत्र के किसान खेती कर अपनी आजीविका चलाते हैं लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार ने नगर निगम गठन के बाद नहरों की सुध लेना ही छोड़ दिया, जिससे किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और उनकी आय पर प्रभाव पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के प्रयासों से कण्वाश्रम को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए बाईस करोड़ रू की राशि अवमुक्त की गई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने वह राशि अभी तक अवमुक्त नहीं की है। मौके पर कार्यकर्ताओं ने तीनों मांगों के निस्तारण की मांग करते हुए नारेबाजी की और पुतले को आग के हवाले कर दिया।पुतला दहन करने वालों में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमितराज सिंह, पार्षद जगदीश मेहरा, विवेक शाह, विनोद रावत, विनोद नेगी, विमला रावत, शकुतंला देवी, निर्मल कुमार, वीरेंद्र सिंह, शकुंतला चौहान, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, अनिल चौधरी और महेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।


