गोपेश्वर / चमोली । चमोली जिले के दशोली विकास खंड के ठेली के ग्रामीणों ने गुरूवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर ठेली को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की है। ताकि ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य रोशन चंद्र, कमला देवी, हरेंद्र रावत, अमित रावत का कहना है कि पलेठी ग्राम पंचायत से मैड, ठेली व नैथोली को 2007 में मैड ठेली के नाम से अलग ग्राम पंचायत का पुर्नगठन किया गया था लेकिन जब से नई ग्राम पंचायत का गठन हुआ है उसमें ठेली गांव को राजस्व गांव के रूप में नहीं दर्शाया गया है। जिससे ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहां तक की इस गांव का वन पंचायत के अधिकार भी नहीं मिल पा रहे है जिससे ग्रामीणों को अपने मवेशियों के लिए घास चारे के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी ठेली गांव के वासियों को नहीं मिल रहा है। ग्रामीण इस संबंध में कई बार शासन प्रशासन से गुहार लगा चुके है लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है ठेली को अलग से राजस्व ग्राम बनाया जाए ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।




Discussion about this post