पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकास खंड के ग्रामीणों ने बुधवार को प्रभागीय वनाधिकारी केदारनाथ वन प्रभाग को ज्ञापन भेजकर पोखरी विकास खंड के एक दर्जन से अधिक गांव में जंगली सूअर से आंतक से निजात दिलाने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों की फसलों के नुकसान का मुआयना कर मुआवजा दिये जाने की भी मांग की है।
क्षेत्र के काश्तकार मनोज नेगी, मुकेश नेगी, हर्षवर्धन सिंह, गजेंद्र सिंह राणा, संदीप सिंह, सुरेंद्र सिंह बत्र्वाल का कहना है कि पोखरी के रौता, पोगठा, चैण्डी, सिमरासू, विरसण सेरा, मालकोटी, रडुवा, कांडई, जौरासी, तोणजी, किमोठा, डुंगर, बंगथल, सलना, डांडा, मसोली, कलसीर, पाटी, जखमाला सहित तमाम गांवो मे जंगली सूअरों व बंदरों ने आंतक मचा रखा है। ग्रामीणों की खेतों में खड़ी धान, मंडूबा, दाल, आलू के साथ ही अन्य फल व सब्जियों को बर्वाद कर दिया है।
कहा कि काश्तकारों की छह माह की मेहनत को जंगली जानवरों ने तहस नहस कर दिया है। ऐसी दशा में ग्रामीणों के सम्मुख खाद्यान्न का संकट पैदा होने वाला है। कहा कि पूर्व में भी वन विभाग को इस संबंध में पत्राचार किया गया था लेकिन कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। कहा कि ग्रामीणों ने पुनः उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर जंगली जानवरों से आंतक से निजात दिलाये जाने की मांग की है। साथ ही फसलों के नुकसान का मुआयना कर मुआवजा दिलवाने की भी मांग की है।




Discussion about this post