थराली (चमोली)। चमोली जिले के देवाल विकास खंड के साथ ही थराली विकास खंड के गांवों में 33 केवी की लाइन क्षतिग्रस्त होने से पिछले तीन दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है।
बता दें कि बीते सोमवार को भूस्खलन की चपेट में आने से थराली से नंदकेसरी देवाल जाने वाली 33 केवी बिजली का एक पोल बैनोली गांव में क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसे बिजली विभाग तीसरे दिन बुधवार को भी ठीक नहीं किया जा सका है। जिससे पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित चल रही है। देवाल के प्रमुख दर्शन दानू ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तीन दिन गुजर जाने के बाद भी अभी तक विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त विद्युत की लाइन को ठीक नहीं कर पाया है जो कि विभाग की कार्यशैली पर भी प्रश्न खड़ा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि उनकी विभाग के अधिशासी अभियंता से भी इस संबंध में दूरभाष से वार्ता हुई थी उन्होंने आश्वासन दिया था कि बुधवार तक लाइन ठीक कर दी जायेगी लेकिन अभी तक लाइन ठीक नहीं की गई जो दुर्भाग्य पूर्ण है। उन्होंने अविलंब लाइन को ठीक करने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर नारायणबगड डिवीजन के विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता देवेंद्र सिंह ने कहा कि बुधवार देर सांय तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी।




Discussion about this post