- 21 किमी की दौड़ 1 घंटे 15 मिनट में की पूरी
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के देवाल ब्लाॅक के सीमांत गांव वाण की धाविका भागीरथी बिष्ट ने दिल्ली हाफ मैराथन में कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। भागीरथी ने 21 किलोमीटर की दौड़ एक घंटा 15 मिनट में पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में अंकिता पहले और सोनिया दूसरे स्थान पर रहीं। लंबी दूरी की दौड़ में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही भागीरथी की नजर अब ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने पर है।
देवाल विकासखंड के वाण गांव की रहने वाली भागीरथी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं। इससे पहले फरवरी 2026 में नई दिल्ली मैराथन के महिला वर्ग में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया था। अगस्त में हैदराबाद मैराथन की 42.195 किलोमीटर लंबी फुल मैराथन में दो घंटे 51 मिनट 41 सेकंड का समय निकालकर भारतीय महिला धावकों में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।
भागीरथी इन दिनों पौड़ी जिले के रांसी स्टेडियम में अभ्यास कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक एवं कोच सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में वह अपनी गति और सहनशक्ति को निखार रही हैं। इसी वर्ष उत्तराखंड स्टूडेंट्स फेडरेशन की ओर से उन्हें दो महीने के प्रशिक्षण के लिए केन्या भी भेजा गया था। वहां मिले प्रशिक्षण से उन्हें अपनी दौड़ की तकनीक और क्षमता बेहतर करने में मदद मिली।
सीमांत क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार सफलता हासिल कर रही भागीरथी का सपना ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतना है। उनकी उपलब्धि से चमोली के खेल प्रेमियों में खुशी है।







