हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार तड़के से ही हरकी पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य किया और अपने पितरों की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान भी कराए।
सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान और पितृ तर्पण करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इसी धार्मिक आस्था के चलते सुबह सूर्योदय के साथ ही हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। गंगा आरती के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, सोमवती अमावस्या पर स्नान और दान का विशेष महत्व है। इस दिन किया गया दान अक्षय फल देने वाला माना जाता है। उन्होंने बताया कि उदया तिथि में सोमवती अमावस्या का संयोग विशेष पुण्यकारी माना जाता है। इस दिन गंगा स्नान और पितरों के निमित्त पिंडदान करने से विशेष धार्मिक फल की प्राप्ति होती है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस बल तैनात किया गया। हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई।
वहीं, सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हरकी पैड़ी पर गंगाजल की मात्रा सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रही। दरअसल, हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियों के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। हरकी पैड़ी क्षेत्र में अस्थायी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके चलते गंगा में पानी का प्रवाह पहले की तरह नहीं रखा गया है। हालांकि, स्नान के लिए घाटों तक पर्याप्त जल पहुंचने की व्यवस्था की गई है।







