- नो-फ्लाई जोन में नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ के अंबिका निवासी ऋषभ का चालान
गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम के प्रतिबंधित नो-फ्लाई जोन में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उड़ान रुकवा दी। मौके पर तैनात पुलिस टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले छत्तीसगढ़ के अंबिका निवासी ऋषभ का नियमानुसार चालान किया। धाम की सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की।
वर्चुअल थाना पुलिस के अनुसार, ऋषभ बदरीनाथ धाम के नो-फ्लाई जोन में बिना अनुमति ड्रोन उड़ा रहे थे। सुरक्षा ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करते देखा तो तत्काल हस्तक्षेप कर ड्रोन की उड़ान रुकवा दी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
बदरीनाथ धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी संवेदनशील क्षेत्र है। यहां प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से नियमों का पालन करने तथा बिना अनुमति ड्रोन नहीं उड़ाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







