posted on : दिसम्बर 14, 2021 5:18 अपराह्न
पौड़ी : उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग देहरादून के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष 16 व 17 दिसंबर 2021 को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वे समस्त जनपदीय अधिकारियों के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्पीड़न से संबंधित समस्त शिकायती प्रकरण व बैकलॉग के पदों की विभागवार सूचना व छात्रवृत्ति आदि की समीक्षा बैठक भी करेंगे। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग देहरादून के अध्यक्ष डॉ. कल्पना सैनी तथा उपाध्यक्ष संजय नेगी 16 दिसंबर 2021 को अपराहन 2:00 बजे रुद्रप्रयाग से प्रस्थान कर श्रीनगर पहुंचेंगे तथा श्रीनगर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
17 दिसंबर 2021 को आयोग के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष प्रातः 10:00 बजे नगर पालिका परिषद श्रीनगर के सभागार में जिलाधिकारी, एसएसपी, सीडीओ तथा संबंधित उप जिलाधिकारियों समेत जनपद के समस्त अधिकारियों के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्पीड़न से संबंधित समस्त शिकायती प्रकरण व अन्य पिछड़े वर्ग के बैकलॉग के पदों की विभागवार सूचना तथा छात्रवृत्ति वितरण से संबंधित प्रकरण के साथ ही जिले के सभी विभागों में अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित एवं वंचितों की सूचनाओं की समीक्षा बैठक लेंगे। जबकि अपराहन 12:00 बजे नगर पालिका परिसर श्रीनगर के सभागार में अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ उनकी समस्याओं को सुनेंगे। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासन को माननीय आयोग के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के भ्रमण कार्यक्रम के मध्य नजर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी प्रशान्त आर्य ने समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया अपने-अपने विभागों से संबंधित सूचना तैयार कर दिनांक 15 दिसम्बर 2021 को 03:00 बजे सांय तक जिला समाज कल्याण अधिकारी पौड़ी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा बैठक में समस्त सूचनाओं सहित स्वयं प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।




