देहरादून : उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का निधन हो गया है। देहरादून की कैंट विधानसभा से विधायक कपूर ने बीती रात सोते समय अंतिम सांस ली। मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। वे पूरी तरह स्वस्थ थे और पार्टी की तमाम बैठक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय थे। रविवार को भी उन्होंने विभिन्न बैठकों में प्रतिभाग किया। रात को वे भोजन करने के बाद अपने इंद्रा नगर स्थित आवास पर सो गए थे। सुबह जब उन्हें चाय पीने के लिए उठाया गया तो वे नहीं उठे। 75 वर्षीय विधायक हरबंस कपूर अपने सहज व सरल स्वभाव के लिए मशहूर थे। हरबंस कपूर उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी विधायक रहे। वे लगातार आठ बार विधायक चुने गए। इससे जनता के बीच उनकी पकड़ का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। वह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री भी रह चुके हैं। तमाम नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।




