गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला सभागार में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम गौरव कुमार ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं की वास्तविक समस्याओं का समाधान हो और उन्हें संतुष्टि मिले। उन्होंने बिना उचित कारण शिकायतों का क्लोजर नहीं करने तथा ट्रांसफर किए गए मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिक किराया वसूली की शिकायत पर एआरटीओ को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नामांतरण (म्यूटेशन) से संबंधित शिकायत पर तहसीलदार गैरसैंण को आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क के नाम परिवर्तन संबंधी मामले में ब्रिडकुल और सैनिक कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मांग एवं सुझाव से जुड़ी शिकायतों पर भी सकारात्मक और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों की अलग से समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडे आदि मौजूद रहे।



