posted on : मई 12, 2026 3:53 अपराह्न
कोटद्वार । राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में मंगलवार को विद्यालय में अध्यनरत लगभग 75 जरूरतमंद बच्चों हेतु कॉपी, किताब, ड्रेस, जूते, टाइ, बेल्ट आदि का वितरण किया गया। यह वितरण लोगों द्वारा प्राप्त सहायता से किया गया। शैक्षिक सामग्री के वितरण प्रभारी संतोष सिंह नेगी ने बताया कि उनके द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया में बच्चों की मदद हेतु अपील की गई थी जिस पर उनकी एमएड की सहपाठी जसवीर बजाज, जो कि वर्तमान में दुबई में काम करती हैं ने वहां से आर्थिक मदद पहुंचाई और कक्षा 6 में पढ़ने वाले समस्त 57 बच्चों हेतु कॉपियां और पेन की व्यवस्था की।
इसके अलावा विद्यालय में कार्यरत शिक्षक देवेंद्र सिंह रावत और विनोद पंत द्वारा मिलकर 25 बच्चों हेतु ड्रेस, जूते, टाइ, बेल्ट का इंतजाम किया गया। शैक्षिक सामग्री का वितरण प्रार्थना स्थल पर समस्त शिक्षकों द्वारा किया गया। प्रभारी प्रधानाचार्य मुकेश रावत ने दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सज्जनों के कारण कई जरूरतमंद बच्चों को पढ़ने और स्कूल आने की प्रेरणा मिलती है । विद्यालय परिवार ऐसे सज्जन दानदाताओं का तहे दिल से आभार व्यक्त करता है । शैक्षिक सामग्री वितरण कार्यक्रम का संचालन संतोष सिंह नेगी, अनूप नेगी डबल सिंह रावत, आशी, मोहिनी और विशाल सैनी द्वारा किया गया।



