गोपेश्वर (चमोली)। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ ट्रेक पर केदारनाथ वन प्रभाग की ओर से स्थानीय लोगों से भी शुल्क वसूलने पर लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रुद्रनाथ भगवान उनके अराध्य देवता हैं और वे मंदिर में नए अनाज का भोग लगाने जाते हैं, लेकिन वन प्रभाग की ओर से प्रति व्यक्ति से डेढ़ सौ रुपये शुल्क वसूला जा रहा है।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान नीरज बिष्ट, पालिका सभासद प्रियंका बिष्ट, रमेश बिष्ट, तेजेंद्र बिष्ट, माइकल, मनवर सिंह और महेंद्र सिंह राणा का कहना है कि 20 किलोमीटर रुद्रनाथ ट्रेक पर कई जगहों पर रास्ता क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। कूड़ा निस्तारण की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। विभाग को पहले ट्रेक को सुगम बनाने के लिए योजना तैयार करनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से किसी भी प्रकार का शुल्क न लेने की मांग उठाई है।
इधर, केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान सभी आरक्षित क्षेत्र के मंदिरों तक जाने की अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद भी कई स्थानीय लोग मंदिर तक गए, जिसे देखते हुए उनसे शुल्क लिया गया है। अब मंदिर में जाने की अनुमति मिल गई है, अब किसी भी स्थानीय से शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Discussion about this post