posted on : सितम्बर 7, 2022 5:23 अपराह्न
पैठाणी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी गढ़वाल यशवन्त सिंह चौहान द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों/थाना प्रभारियों को अपने अपने सर्कित/थाना क्षेत्रान्तर्गत अवैध गतिविधियों पर नजर रखने एवं सूचना तन्त्र को और अधिक मजबूत बनाने हेतु ग्राम चौकीदारों के साथ मीटिंग लेने हेतु निर्देशित किया गया है। जिसके क्रम में आज 07 सितम्बर 2022 को क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी प्रेमलाल टम्टा द्वारा थाना पैठाणी परिसर में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों/सीएलजी मैम्बर्स एवं ग्राम प्रधानों की मीटिंग ली गयी। सर्वप्रथम मीटिंग में उपस्थित सभी का परिचय प्राप्त कर सभी समस्यायें सुनी गयी व सुझाव लिये गये।
नागरिक पुलिस की आंख कान एवं नाक समझे जाने वाले चौकीदारों को बताया गया कि अपने अपने गाँव के नजदीक सड़क दुर्घटना होने की सूचना प्राप्त होने पर अविलम्ब घटनास्थल पर पहुँचकर पुलिस के साथ राहत व बचाव कार्य मे पुलिस का सहयोग करने, अपने अपने गाँव के नजदीक सड़क टूटने, मार्ग में मलबा आने व अन्य प्रकार की सूचना थाने में देने हेतु बताया गया यदि आप सक्रिय रहोगे तो ग्रामीण क्षेत्रों की निगरानी एवं सूचना संकलन तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। ग्राम स्तर पर उत्पन्न होने वाले आपसी विवादों को अपनी मध्यस्थता का प्रयोग कर मौके पर ही निपटाने का प्रयास किया जाए एवं मामलों की सूचना अविलंब थाने में देने हेतु बताया गया। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस एप के सम्बन्ध में जानकारी देकर अपने-अपने गाँवो में अन्य लोगों को जागरूक करने हेतु बताया गया।



