posted on : अगस्त 29, 2022 7:13 अपराह्न
कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद को याद किया। साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर राजकीय इंटर कालेज में अध्ययनरत छात्र दिव्यांशु सिंह बिष्ट और खेल प्रशिक्षक विनोद पंत को सम्मानित किया गया।पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद ने विश्व स्तरीय और ओलंपिक खेलों में देश को स्वर्णिम सफलताएं दिलाई थी, इसलिए वे आज भी खिलाड़ियों के आदर्श हैं। भारत सरकार ने भी उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लेकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की है। मौके पर जीआईसी कोटद्वार में अध्ययनरत छात्र दिव्यांशु सिंह बिष्ट को प्रदेश स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय बाक्सिंग फेडरेशन खेलों के लिए चयनित होने पर प्रशस्ति पत्र व ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खेल प्रशिक्षक विनोद पंत को भी खेलों में उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने पर प्रशस्ति पत्र व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ चंद्रमोहन खर्कवाल, पूर्व राज्य मंत्री विजयनारायण सिंह, बृजमोहन नेगी, महेंद्र पाल सिंह, महावीर सिंह रावत, धर्मेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, जीतेंद्र भाटिया, बलबीर सिंह रावत और विनोद नेगी आदि थे।



