देहरादून : वर्तमान में रूस एवं यूकेन के मध्य युद्ध की स्थिति को देखते हुए यूक्रेन में निवासरत उत्तराखण्ड राज्य के नागरिकों की सुरक्षा के सम्बन्ध में उनके परिजनों से प्राप्त हो रही जरूरी सूचनाओं के संकलन के लिए उत्तराखंड शासन ने नोडल अधिकारी नामित किये है। जो यूक्रेन में निवासरत उत्तराखण्ड राज्य के नागरिकों के परिजनों से प्राप्त हो रही सूचनाओं का संकलन करते हुए गृह विभाग, उत्तराखण्ड शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगें। रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े युद्ध को लेकर उत्तराखंड सरकार भी चिंतित है। सरकार यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के छात्रों की सुरक्षा पर लगातार नजर बनाए हुए है। जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क किया।
वहीं, अब सरकार ने नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिया है। सरकार ने राज्य के वहां फंसे छात्रों की जानकारी और सुरक्षा के के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक कानून व्यवस्था पी. रेणुका देवी को नोडल अधिकारी और प्रमोद कुमार पुलिस अधीक्षक कानून व्यवस्था को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। अधिकारियों को यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया में फैलाई जा रही अफवाहों पर भी नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है।




