posted on : अप्रैल 4, 2022 8:55 अपराह्न
कोटद्वार । कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बालासौड में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सेविका एवं मिनी कार्यकर्ती संगठन ने उत्तराखंड की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया ।इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ती संगठन ने पुष्पमाला से विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया । वहीं अपनी समस्याओं को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ती संगठन ने विधानसभा अध्यक्ष को मांग पत्र भी सौंपा । संगठन ने विधानसभा अध्यक्ष को मांगपत्र सौंपते हुए अपनी कुछ समस्याओं के समाधान के लिए आग्रह किया गया, जिसमें हड़ताल पर रहने के कारण उस अवधि का मानदेय मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद भी न दिए जाने, पिछले 1 वर्ष से भवन किराए ना दिए जाने के कारण आंगनबाड़ियों के सामने विकट समस्या का उत्पन्न होना, बैठक एवं ट्रेनिंग में आने जाने हेतु यात्रा भत्ता दिए जाने साथ ही सेवानिर्वित्त होने के पश्चात मासिक पेंशन दिए जाने संबंधित विषयों पर सरकार के समक्ष बात रखने का अनुरोध किया गया ।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ती संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए मांग पत्र में जो भी मांगे की गई है उसको वह सरकार के समक्ष रख कर सकारात्मक हल निकालने का प्रयास करेंगी । इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति स्वरूपा है, समाज और देश इनकी मदद के बिना तरक्की नहीं कर सकता, इसलिए हमें महिलाओं को बराबरी का दर्जा देना होगा । उन्होंने कोरोना काल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दिये गये योगदान को याद करते हुए कहा कि कोरोना काल में जहां अपने भी साथ छोड़ रहे थे, ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मैदानी स्तर पर कोरोना के विरूद्ध जंग छेड़कर सुपोषण के साथ ही कोरोना टीकाकरण, कोरोना मरीजों की सहायता, दवाईयों के वितरण, विभागीय कार्यों के सम्पादन करने के लिये अनवरत कार्य कर रहीं थीं| विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मान के पात्र हैं ।इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष उषा गोस्वामी, उपाध्यक्ष अंबिका रावत, सचिव पुष्पा नेगी, कोषाध्यक्ष रोशनी देवी, प्रांतीय सदस्य बसंती रावत सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थी ।




