posted on : मार्च 21, 2024 6:40 अपराह्न
लैंसडाउन । भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में गुरुवार को वनस्पति विज्ञान विभाग ने परिषद कार्यक्रम का आयोजन किया । कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के पौधों एवं फूलों से हर्बल रंग प्राप्त करने के बारे में बताया। उन्होंने स्थानीय पादपों जैसे फ्योली, गुड़हल, गेंदा, सिंदूरी, सेमल, हल्दी, पलाश पुदीना एवं पत्तागोभी से विभिन्न प्रकार के लाल, केसरिया, हरे, बैंगनी, नीला एवं पीला रंग प्राप्त किया। इन रंगों का उपयोग हर्बल गुलाल, मिठाईयां, केक, आइस्क्रीम आदि बनाने में भी किया जा सकता है। साथ ही छात्र छात्राओं ने स्थानीय, लघु वन उत्पादों जैसे तिमला, बेडू, लिंगड़ा आदि के प्रसंस्करण से अचार आदि बना कर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य प्रोफेसर एलआर राजवंशी ने किया। इस कार्यक्रम के बाद आशु भाषण प्रतियोगिता में एमएससी वर्ग से सिमरन, साक्षी, एवं मानसी क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवम तृतीय स्थान तथा बीएससी वर्ग से दिव्याक्षी, मीनाक्षी, नेहा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में वनस्पति विज्ञान विभाग के विभाग प्रभारी डॉ आरके द्विवेदी, डॉ डीसी बेबनी, डॉ पवनिका चंदोला, डॉ एसपी मधवाल, डॉ कमल कुमार, धर्मेंद्र, बालेंदु एवं अन्य प्राध्यापक तथा कर्मचारी गण उपस्थित थे।




