चमोली : अग्नि शमन विभाग की मुश्तैदी से बीटेक काॅलेज कोठियालसैंण में बड़ा हादसा टल गया है। बुधवार रात्रि को अचानक काॅलेज की कम्प्यूटर लैब में आग लग गई। जिसकी सूचना मिलने पर अग्नि शमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू किया। घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि करीब 11 बजे कोठियालसैंण स्थित बीटेक काॅलेज की कम्प्यूटर लैब में आग लग गई। जिस पर संदीप कोटनाला ने दूरभाष पर अग्नि शमन विभाग को घटना की सूचना दी। जिस पर अग्नि शमन विभाग गोपेश्वर की टीम दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची। जिसके बाद यहां घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू किया गया। घटना में लैब में रखा लाखों को सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




