posted on : फ़रवरी 3, 2022 4:11 अपराह्न
टिहरी : विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 को जनपद में निष्पक्ष, स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं सफल सम्पादन हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी टिहरी गढ़वाल इवा आशीष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 04 फरवरी से 09 फरवरी, 2022 तक मास्टर ट्रेनरों द्वारा पीठासीन/मतदान अधिकारियों को द्वितीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें तथा अपने कार्याें एवं दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वह्न करने हेतु प्रशिक्षण को गंभीरता से लेना सुनिश्चित करें। कहा कि निर्वाचन संबंधी शंकाओं का निदान प्रशिक्षण के दौरान एवं समयान्तर्गत सुनिश्चित कर लें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दिनांक 04 फरवरी से 09 फरवरी 2022 तक जिला पंचायत परिसर एवं नगर पालिका सभागार नई टिहरी में पोलिंग पार्टियों को द्वितीय सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण एक दिन में दो चरणों में दिया जायेगा प्रथम चरण प्रातः 09 बजे से 01 बजे तक तथा द्धितीय चरण 02 बजे से 05 बजे तक होगा। नगर पालिका सभागार नई टिहरी बौराडी में 4 फरवरी से 9 फरवरी तक कुल 3 हजार 204 कार्मिक प्रशिक्षण लेंगे, जिनमें 4 फरवरी से 6 फरवरी तक 540-540 कार्मिक प्रतिदिन तथा 7 फरवरी से 9 फरवरी तक 528-528 कार्मिक प्रतिदिन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जिनमें कुछ कार्मिक सैद्धान्तिक तथा कुछ कार्मिक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसी प्रकार जिला पंचायत सभागार नई टिहरी बोराडी में 4 फरवरी से 9 फरवरी तक 1440 कार्मिक प्रशिक्षण लेंगे, जिनमें प्रतिदिन 240 कार्मिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले कार्मिकों के लिए सिटिंग व्यवस्था के साथ ही उपस्थिति हेतु 08 टेबल लगाये गये हैं तथा हेल्प डैक्स/आरक्षित भी लगाये गये हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट एवं व्यवस्थाओ से संबंधित अन्य अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोडल ऑफिसर प्रशिक्षण प्रबंध, खाद्य व्यवस्था, पोलिंग पर्सनल वैलफेयर तथा टैंट एंड बैरिकेडिंग, फर्नीचर को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के सुचारू संचालन हेतु समुचित व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करवाना सुनिश्चित करें।



